नरसिंहपुरी पंचायत कार्यालय पर ग्रामीणों का विरोध प्रदर्शन:पानी, नरेगा, बिजली सहित 14 सूत्रीय मांगों पर ज्ञापन सौंपा
नरसिंहपुरी पंचायत कार्यालय पर ग्रामीणों का विरोध प्रदर्शन:पानी, नरेगा, बिजली सहित 14 सूत्रीय मांगों पर ज्ञापन सौंपा
नीमकाथाना : ग्राम पंचायत नरसिंहपुरी में शुक्रवार को सैकड़ों महिला-पुरुष ग्रामीणों ने पानी, बिजली और नरेगा जैसी मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं को लेकर ग्राम पंचायत कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन पूर्व सरपंच कॉमरेड गोपाल सैनी के नेतृत्व में सुबह करीब 10 बजे शुरू हुआ, जहां ग्रामीणों ने पंचायत, उपखंड प्रशासन और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
गांवों और ढाणियों में ट्यूबवेल खराब
धरने को संबोधित करते हुए कॉमरेड गोपाल सैनी ने बताया कि भीषण गर्मी के बावजूद पंचायत क्षेत्र के कई गांवों और ढाणियों में ट्यूबवेल खराब पड़े हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जल जीवन मिशन के तहत बिछाई गई पाइपलाइनें कई स्थानों पर ट्यूबवेल से नहीं जोड़ी गई हैं, जबकि पाइपलाइन डालने के नाम पर सड़कें खोदकर छोड़ दी गई हैं। सैनी ने पंचायत क्षेत्र में नरेगा कार्यों के बंद होने और बिजली व्यवस्था की बदहाली पर भी चिंता व्यक्त की।
सैनी ने कहा कि जनता को अपनी समस्याओं और अधिकारों के लिए संघर्ष करना होगा। उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों पर निशाना साधते हुए नरेगा को कमजोर करने का आरोप लगाया। एसएफआई जिला महासचिव विक्रम यादव ने भी सरकार पर किसान-मजदूरों की अनदेखी का आरोप लगाया। इस दौरान महिला नरेगा मजदूरों ने भी रोजगार और कार्य शुरू कराने की मांग को लेकर प्रशासन के प्रति नाराजगी व्यक्त की।
14 सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा
प्रदर्शन के बाद ग्रामीणों ने ग्राम विकास अधिकारी और प्रशासक को 14 सूत्रीय मांगों का एक ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन में विभिन्न गांवों और ढाणियों में खराब ट्यूबवेलों को चालू करवाने, जल जीवन मिशन की अधूरी पाइपलाइनों को जोड़ने, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, सभी गांवों में नरेगा कार्य शुरू करने और बिजली की अघोषित कटौती बंद करने जैसी प्रमुख मांगें शामिल थीं।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान जल्द नहीं किया गया, तो अगले दो-तीन दिनों में पंचायत कार्यालय पर एक बड़ा आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
धरना-प्रदर्शन में कॉमरेड गोपाल सैनी, विक्रम यादव, सुभाष सैनी, धर्मपाल पंच, श्यामलाल सैनी, मोतीराम, जगदीश शर्मा, नरेंद्र सैनी, प्रहलाद सैनी, आची देवी, गीता, श्योपाली, सुनीता, मेवा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2173530

