जल संरक्षण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान’
पत्रकार यात्रा में सहजूसर, कड़वासर, इंद्रपुरा, तारानगर व श्याम पांडिया के विकास कार्यों का किया अवलोकन
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : मोहम्मद अली पठान
चूरू : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशन में प्रदेशभर में संचालित ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान’ जल संरक्षण, जल संस्कृति के संवर्धन तथा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रभावी पहल बनकर उभर रहा है। अभियान के तहत जल स्रोतों के पुनर्जीवन, वर्षा जल संचयन और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को व्यापक स्तर पर बढ़ावा मिल रहा है, जिससे जल सुरक्षा के प्रति जनजागरण और सहभागिता को नई मजबूती मिल रही है।
इसी क्रम में जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा के निर्देशन में बुधवार को मीडिया प्रतिनिधियों ने चूरू एवं तारानगर विकासखंड के विभिन्न गांवों में चल रहे विकास कार्यों और नवाचार गतिविधियों का फील्ड भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान पत्रकारों ने जल संरक्षण, ग्रामीण विकास, आजीविका संवर्धन, खेल सुविधाओं और शिक्षा से जुड़े कार्यों का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
खेल और शिक्षा को मिल रहा बढ़ावा
मीडिया प्रतिनिधियों ने चूरू विकासखंड के सहजूसर गांव में निर्माणाधीन खेल मैदान एवं अटल ज्ञान केंद्र का निरीक्षण किया। निर्माणाधीन खेल मैदान में एथलेटिक्स ट्रैक, बास्केटबॉल कोर्ट, वॉलीबॉल ग्राउंड, पेवेलियन तथा स्वच्छता संबंधी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, जिससे ग्रामीण प्रतिभाओं को बेहतर खेल वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।
वहीं ग्राम पंचायत परिसर में निर्माणाधीन अटल ज्ञान केंद्र विद्यार्थियों के लिए अध्ययन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु उपयोगी साबित होगा। आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह केंद्र ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

ग्रामीण विकास और आजीविका गतिविधियों का अवलोकन
पत्रकार दल ने कड़वासर, इंद्रपुरा, तारानगर एवं श्याम पांडिया गांवों में संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं, राजीविका गतिविधियों, नेचर पार्क तथा झींगा पालन जैसी नवाचार आधारित आजीविका योजनाओं का भी अवलोकन किया। इन पहलों से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति मिलने के साथ रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों में वृद्धि हो रही है।
अधिकारियों ने बताया कि जल संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर प्रबंधन के साथ-साथ ग्रामीण विकास की विभिन्न योजनाओं का समन्वित क्रियान्वयन जिले के सतत विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
इस अवसर पर सहायक विकास अधिकारी कुलवंत भाकर, शिवराम गोदारा, ग्राम विकास अधिकारी सरला, कनिष्ठ सहायक अमृत सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों को विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति और उनके सामाजिक-आर्थिक प्रभावों की जानकारी दी।
अभियान के तहत किए जा रहे प्रयास जल संरक्षण के साथ-साथ ग्रामीण विकास, शिक्षा, खेल और आजीविका के क्षेत्रों में भी सकारात्मक परिवर्तन ला रहे हैं, जिससे चूरू जिले को विकास की नई दिशा मिल रही है।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19







Total views : 2169521


