[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

बीदासर में उमड़ा फिटनेस का जनसैलाब, संडेज ऑन साइकिल रैली ने दिया स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
चूरूटॉप न्यूज़बीदासरराजस्थानराज्य

बीदासर में उमड़ा फिटनेस का जनसैलाब, संडेज ऑन साइकिल रैली ने दिया स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

गांधी चौक से डीएसपी कार्यालय तक निकली विशाल साइकिल रैली, पुलिस अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में नागरिक हुए शामिल

जनमानस शेखावाटी सवांददाता : गजराज शर्मा

बीदासर : नगर में रविवार सुबह फिटनेस, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित “संडेज ऑन साइकिल रैली” आकर्षण का केंद्र रही। गांधी चौक से शुरू हुई यह विशाल साइकिल रैली नगर के मुख्य बाजारों और प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए डीएसपी कार्यालय पहुंची। रैली में युवाओं, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों एवं गणमान्य नागरिकों ने उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान पूरे नगर में फिटनेस और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश गूंजता रहा। प्रतिभागियों ने साइकिल चलाकर लोगों को पेट्रोल-डीजल की बचत, प्रदूषण नियंत्रण और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। रैली के दौरान “फिट इंडिया-हिट इंडिया”, “स्वस्थ युवा-समृद्ध भारत” तथा “पर्यावरण बचाओ-साइकिल अपनाओ” जैसे नारों से माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा।

इस अवसर पर थानाधिकारी दिलीप सिंह, डीएसपी नेमीचंद, आसूचना अधिकारी नोपाराम सहित पुलिस प्रशासन के अधिकारी एवं नगर के कई गणमान्यजन मौजूद रहे। पुलिस उप अधीक्षक नेमीचंद ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और बदलती जीवनशैली के बीच साइकिल चलाना स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभदायक है। ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक संदेश देने का कार्य करते हैं। युवाओं में कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। आयोजन के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित व्यायाम करने, साइकिल उपयोग बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक रहने का संकल्प लिया।

नगर में बना चर्चा का विषय
“संडेज ऑन साइकिल रैली” पूरे नगर में चर्चा का विषय बनी रही। लोगों ने इसे स्वास्थ्य जागरूकता की दिशा में सराहनीय पहल बताते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की आवश्यकता जताई।

Related Articles