[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

शहर में सफाई व्यवस्था सुधारने को नगरपरिषद सख्त, लापरवाही पर काटे चालान


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
चूरूटॉप न्यूज़राजस्थानराज्य

शहर में सफाई व्यवस्था सुधारने को नगरपरिषद सख्त, लापरवाही पर काटे चालान

रात्रिकालीन सफाई, अतिरिक्त ऑटो टिपर और बीट सिस्टम से सफाई अभियान तेज

जनमानस शेखावाटी सवांददाता : मोहम्मद अली पठान

चूरू : चूरू में शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए नगरपरिषद ने सफाई व्यवस्था को लेकर विशेष अभियान तेज कर दिया है। जिला कलेक्टर अभिषेक सुराणा के निर्देशन में नगरपरिषद की टीम लगातार मुख्य मार्गों और बाजार क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था की निगरानी कर रही है।

शुक्रवार को नगरपरिषद टीम ने सुभाष चौक से पंखा सर्किल मार्ग तक निरीक्षण कर गंदगी फैलाने और सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतने वाले 10 लोगों के चालान काटे। साथ ही दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों को शहर को स्वच्छ रखने के लिए जागरूक भी किया गया।

नगरपरिषद आयुक्त अभिलाषा सिंह ने बताया कि शहर में रात्रिकालीन सफाई नियमित रूप से करवाई जा रही है। मुख्य मार्गों पर बीट सिस्टम लागू कर निर्धारित दूरी पर सफाई कर्मचारियों की तैनाती की गई है, ताकि रातभर सफाई व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

सुबह-शाम चल रहे अतिरिक्त ऑटो टिपर

व्यावसायिक क्षेत्रों से समय पर कचरा संग्रहण सुनिश्चित करने के लिए सुबह और शाम दोनों समय अतिरिक्त ऑटो टिपर लगाए गए हैं। ये वाहन तय समय सारणी के अनुसार बाजारों और दुकानों से कचरा एकत्र कर रहे हैं।

गन्ने के कचरे के लिए विशेष व्यवस्था

गर्मी के मौसम में गन्ने के रस के ठेलों से निकलने वाले छिलकों और कचरे के निस्तारण के लिए भी अलग से ऑटो टिपर लगाए गए हैं। नगरपरिषद के अनुसार शाम 4 बजे से विशेष वाहन विभिन्न मार्गों पर घूमकर गन्ने का कचरा संग्रहित कर रहे हैं।

होटल और रेस्टोरेंट पर भी नजर

नगरपरिषद ने होटल और रेस्टोरेंट संचालकों के लिए भी विशेष कचरा संग्रहण वाहन की व्यवस्था की है, जो प्रतिदिन रात 9 बजे के बाद कचरा उठाएगा।

कचरा पात्र रखना अनिवार्य

नगरपरिषद ने सभी व्यवसायिक संस्थानों के लिए कचरा पात्र रखना अनिवार्य कर दिया है। बिना कचरा पात्र वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ चालान कर जुर्माना वसूला जाएगा।

शिकायत के लिए जारी किया व्हाट्सएप नंबर

यदि निर्धारित समय पर कचरा संग्रहण वाहन नहीं पहुंचता है, तो आमजन नगरपरिषद के आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर 94623-31260 पर शिकायत दर्ज करवा सकते हैं।

Related Articles