[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

रिटायर्ड फौजी की चाकू मारकर हत्या, आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
चिड़ावाझुंझुनूंटॉप न्यूज़राजस्थानराज्य

रिटायर्ड फौजी की चाकू मारकर हत्या, आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार

शॉर्ट्स पहनने को लेकर कहासुनी बनी खूनी वारदात, जयपुर रेलवे स्टेशन से दबोचा आरोपी

चिड़ावा : चिड़ावा थाना क्षेत्र के बामनवास गांव में मामूली कहासुनी के बाद रिटायर्ड फौजी की चाकू मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को जयपुर रेलवे स्टेशन से पकड़ा गया।

पुलिस के अनुसार घटना 29 मार्च की रात करीब 8:30 बजे की है। बामनवास निवासी रिटायर्ड फौजी उदयवीर सिंह (करीब 55 वर्ष) अपनी दुकान के पास स्थित किराना दुकान पर सब्जी लेने गए थे। इसी दौरान आरोपी अकरम पुत्र निसार बाइक पर वहां पहुंचा और उदयवीर सिंह के शॉर्ट्स (नेकर) पहनने को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने लगा।

कहासुनी के बाद किया जानलेवा हमला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, समझाने के बावजूद आरोपी नहीं माना और कुछ देर बाद पास की दुकान से चाकू लाकर पशुओं की पानी की टंकी पर बैठे उदयवीर सिंह पर हमला कर दिया। आरोपी ने उनके पेट में एक के बाद एक तीन वार किए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

घायल उदयवीर सिंह को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें जयपुर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

उधारी के विवाद ने बढ़ाई रंजिश
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक और आरोपी के बीच पहले से ही पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। उदयवीर सिंह ने आरोपी के पिता को पशु आहार उधार दिया था, जिसके पैसे बकाया थे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में अक्सर कहासुनी होती रहती थी।

पुलिस ने 9 टीमें बनाकर की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत 9 टीमों का गठन कर जिलेभर में नाकाबंदी करवाई। करीब 200 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी की लोकेशन ट्रेस की गई। अंततः जीआरपी जयपुर की मदद से आरोपी को जयपुर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया गया।

घटनास्थल से एमओबी और एफएसएल टीमों ने साक्ष्य जुटाए हैं। प्रारंभ में दर्ज प्रकरण को बाद में हत्या की धारा में परिवर्तित किया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में सफल ऑपरेशन
पूरे ऑपरेशन का निर्देशन एसपी कावेंद्र सिंह सागर के नेतृत्व में किया गया। आईजी जयपुर रेंज राहुल प्रकाश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेंद्र सिंह राजावत और डीएसपी विकास धीधवाल के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई को अंजाम दिया।

थानाधिकारी प्रशिक्षु आरपीएस अम्बिका चौधरी और एसआई कैलाश चन्द्र के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी को पकड़ने में अहम भूमिका निभाई। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Related Articles