[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

501 कलशों की आस्था यात्रा से गूंजा सुजडोला–पिलानी, बाबा मढ़ी धाम में श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
झुंझुनूंटॉप न्यूज़पिलानीराजस्थानराज्य

501 कलशों की आस्था यात्रा से गूंजा सुजडोला–पिलानी, बाबा मढ़ी धाम में श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ

घोड़ा-ऊंट, बैंड-बाजा और जयघोष के साथ निकली 3 किमी लंबी शोभायात्रा, पांच गांवों की उमड़ी श्रद्धा

पिलानी : बाबा मढ़ी धाम में सोमवार को सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव का भव्य शुभारंभ 501 कलशों की ऐतिहासिक कलश यात्रा के साथ हुआ। शिव मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना कर मुख्य यजमान शमदर सिंह शेखावत सपत्नीक ने विधिवत कलश यात्रा को रवाना किया।

करीब तीन किलोमीटर लंबी आस्था यात्रा ने पूरे सुजडोला–पिलानी क्षेत्र को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। घोड़ा-ऊंट, बैंड-बाजा और डीजे साउंड के साथ “हरि बोल” के जयघोष से वातावरण गुंजायमान हो उठा। सैकड़ों महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर शोभायात्रा में भाग लिया। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। पांच गांवों से उमड़ी श्रद्धा ने आयोजन को धार्मिक जनसैलाब का रूप दे दिया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष सरोज श्योरान रहीं। उन्होंने आयोजन को सामाजिक समरसता और धार्मिक चेतना का प्रतीक बताते हुए समिति की सराहना की।

महंत आकाश गिरी के सानिध्य में निकली शोभायात्रा मंदिर प्रांगण से कथा स्थल पहुंची, जहां वृंदावन धाम से पधारे कथावाचक का भावभीना स्वागत किया गया। कथा स्थल पर प्रसाद वितरण के पश्चात श्रीमद्भागवत का मंगलाचरण हुआ। प्रथम दिवस भगवान की महिमा का भावपूर्ण वर्णन सुन श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। महिलाओं की विशेष भागीदारी ने आयोजन को आध्यात्मिक उत्सव का रूप दे दिया।

आयोजन समिति के महेश बसावतिया ने बताया कि कथा सात दिनों तक नियमित रूप से चलेगी। प्रतिदिन भजन-कीर्तन, कथा व प्रसादी का आयोजन होगा तथा समापन पर विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 25 फरवरी को भव्य मेले का आयोजन होगा, जिसमें खेल प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और धार्मिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहेंगे। कलश यात्रा ने न केवल क्षेत्र में भक्ति की अलख जगाई, बल्कि गांवों के बीच धार्मिक एकता, सामाजिक समरसता और सामूहिक सहभागिता का सशक्त संदेश भी दिया। इस अवसर पर अर्जुन सिंह शेखावत, जगमाल यादव, मानसिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन व श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Related Articles