13 मार्च को होगा बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय का चतुर्थ दीक्षांत समारोह
राज्यपाल हरिभाऊ बागडे की अध्यक्षता में 3380 डिग्रियां व 31 स्वर्ण पदक होंगे प्रदान
बीकानेर : बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय (बीटीयू) का चतुर्थ दीक्षांत समारोह 13 मार्च 2026 को आयोजित किया जाएगा। समारोह की अध्यक्षता माननीय राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्री हरिभाऊ बागडे करेंगे।
जनसंपर्क अधिकारी विक्रम राठौड़ ने बताया कि इस भव्य समारोह में विभिन्न संकायों के स्नातक, स्नातकोत्तर और शोध उपाधि प्राप्त विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। साथ ही उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जाएगा।
3380 डिग्रियां और 31 स्वर्ण पदक होंगे प्रदान
कुलगुरु प्रो. अखिल रंजन गर्ग ने बताया कि दीक्षांत समारोह में कुल 3380 डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। इनमें बीटेक की 2580, बीआर्क की 4, बी डिजाइन की 12, पीएचडी की 9, एमबीए की 483, एमसीए की 242 तथा एमटेक की 42 डिग्रियां शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त कुल 23 स्वर्ण पदक विश्वविद्यालय स्तर पर प्रदान किए जाएंगे, जिनमें बी डिजाइन के 3, बीटेक के 16, एमबीए के 3 और एमसीए का 1 पदक शामिल है। वहीं ऑटोनोमस महाविद्यालयों के 8 स्वर्ण पदक भी वितरित किए जाएंगे। इस प्रकार कुल 31 स्वर्ण पदक विद्यार्थियों को दिए जाएंगे।
12 समितियां कर रहीं तैयारियां
दीक्षांत समारोह के सफल आयोजन के लिए कुलगुरु प्रो. गर्ग एवं कुलसचिव श्रीमती रचना भाटिया के निर्देशन में 12 आयोजन समितियों का गठन किया गया है। यूसीईटी प्राचार्य डॉ. परबंत सिंह संधू को समारोह का संयोजक बनाया गया है। सभी समितियां कार्यक्रम की कार्ययोजना पर समन्वय के साथ काम कर रही हैं।
कुलगुरु प्रो. गर्ग ने समीक्षा बैठक लेकर कार्यक्रम की रूपरेखा, अतिथियों के स्वागत, सुरक्षा व्यवस्था, मंच संचालन, मीडिया समन्वय सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
गणमान्य अतिथियों की रहेगी मौजूदगी
दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय से सम्बद्ध महाविद्यालयों के चेयरमैन, निदेशक एवं प्राचार्य, विश्वविद्यालय प्रबंध मंडल एवं विद्या परिषद के सदस्य, प्रदेश के अन्य विश्वविद्यालयों के कुलगुरु, लोकभवन के अधिकारी, शिक्षाविद, विद्यार्थी एवं उनके अभिभावक, प्रशासनिक अधिकारी, गणमान्य नागरिक और मीडिया प्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने समारोह को गरिमामय और यादगार बनाने के लिए तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19





Total views : 2033525


