गुढ़ागौड़जी पुलिस की सफलता: जानलेवा हमले में 8 माह से फरार सरपंच रविराज सिंह गिरफ्तार
गुढ़ागौड़जी पुलिस की सफलता: जानलेवा हमले में 8 माह से फरार सरपंच रविराज सिंह गिरफ्तार

गुढ़ागौड़जी : जिले की गुढ़ागौड़जी पुलिस ने जानलेवा हमले के मामले में 8 माह से फरार ग्राम केड के सरपंच रविराज सिंह को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। 39 वर्षीय रविराज सिंह पर 25 सितंबर 2024 को छावसरी बस स्टैंड पर रिटायर्ड सैनिक खींव सिंह और उनके भाई अभय सिंह पर जानलेवा हमला करने का आरोप है। शिकायतकर्ता भूपेंद्र सिंह के अनुसार, रविराज सिंह और उनके 10-12 साथियों ने स्कॉर्पियो (RJ14UF8520) और कैंपर गाड़ी से पीछा कर हॉकी, रॉड और लाठियों से हमला किया। दोनों भाइयों को गंभीर हालत में पहले गुढ़ागौड़जी स्वास्थ्य केंद्र और फिर झुंझुनूं जिला अस्पताल रेफर किया गया। रविराज ने पहले भवानी सिंह पर तलवार से हमला किया था और मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाया। नाकाम रहने पर उन्होंने खींव सिंह और अभय सिंह को निशाना बनाया, उनकी गाड़ी तोड़ी और सार्वजनिक रूप से बेइज्जत किया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थानाधिकारी राममनोहर के नेतृत्व में वृताधिकारी वीरेंद्र कुमार शर्मा और एजीटीएफ झुंझुनूं की टीम ने छावसरी में छापेमारी कर रविराज को केड से गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उसे प्रकरण में गिरफ्तार कर अनुसंधान शुरू किया गया है।