युवक को किडनैप कर बेरहमी से पीटा:मृत समझकर पिकअप से सरदारशहर में फेंका, बहन के ससुराल से लौट रहा था पीड़ित
युवक को किडनैप कर बेरहमी से पीटा:मृत समझकर पिकअप से सरदारशहर में फेंका, बहन के ससुराल से लौट रहा था पीड़ित

सरदारशहर : चूरू के सरदारशहर थाना क्षेत्र के दूलरासर गांव में तीन लोगों ने एक युवक का अपहरण कर उसके साथ बर्बरता पूर्वक मारपीट की। इसके बाद आरोपियों ने युवक को मृत समझकर सरदारशहर में फेंक दिया। पीड़ित अपनी बहन के ससुराल से लौट रहा था।
घायल युवक की पहचान बीकानेर के डूंगरगढ़ तहसील के गांव कितासर निवासी किशन सिंह के रूप में हुई है। किशन सिंह ने बताया कि वह अपनी बहन के ससुराल दूलरासर से वापस लौट रहा था। इसी दौरान दूलरासर के महावीर सिंह, भवानी सिंह और लालू सिंह ने उसका अपहरण कर लिया। आरोपियों ने लाठी, पाइप और सरियों से उस पर हमला किया। बेहोशी की हालत में उसे पिकअप में डालकर सरदारशहर में फेंक दिया।
स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे पड़े घायल युवक को सरदारशहर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे चूरू के डीबी अस्पताल रेफर कर दिया। सरदारशहर थानाधिकारी मदनलाल विश्नोई के अनुसार, पीड़ित और उसके परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।