कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा- राजस्थान में भूमाफियाओं का आतंक बढ़ा:प्रदेश में हर दिन होता महिलाओं पर अत्याचार,सीकर में भाजपा के कुशासन के विरोध में प्रदर्शन
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा- राजस्थान में भूमाफियाओं का आतंक बढ़ा:प्रदेश में हर दिन होता महिलाओं पर अत्याचार,सीकर में भाजपा के कुशासन के विरोध में प्रदर्शन

सीकर : कांग्रेस के राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के जन्मदिन के मौके पर आज सीकर में कांग्रेस ने भाजपा के खिलाफ विरोध जताया गया। कांग्रेस पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने करीब 2 घंटे तक कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर धरना दिया। सीकर विधायक राजेंद्र पारीक, फतेहपुर विधायक हाकम अली, धर्मेंद्र गिठाला,अंकित पारीक, विकास मूंड, तनसुख ओला, रविकांत तिवाड़ी सहित कई कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मीडिया से बातचीत में कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनीता गिठाला ने कहा- पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा के जन्मदिन के मौके पर आज कांग्रेस जनहित के मुद्दों को लेकर भाजपा के कुशासन के विरोध में आज कांग्रेस पार्टी ने 2 घंटे तक धरना दिया। भाजपा ने सत्ता में आने से पहले रोजगार देने,अपराध नियंत्रण,पेट्रोल डीजल की कीमतों में कमी सहित कई घोषणा की थी लेकिन मौजूदा भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है।
राजस्थान में बेरोजगारी लगातार बढ़ती जा रही है। आज राजस्थान में हर दिन 19 लड़कियों और महिलाओं के साथ रेप की घटनाएं हो रही है। प्रदेश के युवाओं को रोजगार के नाम पर भ्रमित किया जा रहा है। प्रदेश में वह भूमाफिया का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बावजूद इन सब चीजों में सुधार की बजाय प्रदेश की सरकार केवल पर्ची से काम कर रही है। पर्ची से मुख्यमंत्री बने भजनलाल शर्मा और उनकी सरकार हर मुद्दे पर विफल रही है।