राजस्थान पुलिस का ‘रंगोत्सव’ बहिष्कार:वेतन विसंगति और पदोन्नति की मांग, थानों में पसरा सन्नाटा
राजस्थान पुलिस का 'रंगोत्सव' बहिष्कार:वेतन विसंगति और पदोन्नति की मांग, थानों में पसरा सन्नाटा

खेतड़ीनगर : राजस्थान पुलिस के जवानों ने वेतन विसंगति और लंबित मांगों के विरोध में होली का त्योहार नहीं मनाने का फैसला किया है। खेतड़ी, खेतड़ीनगर, बबाई और मेहाड़ा पुलिस थानों में आज सन्नाटा पसरा है। पुलिस जवानों का कहना है कि विभागीय पदोन्नति समिति की प्रक्रिया लंबे समय से लटकी हुई है। अन्य विभागों में बिना परीक्षा के पदोन्नति दी जाती है, लेकिन पुलिस विभाग में परीक्षा पास करने के बाद ही पदोन्नति मिलती है।

जवानों ने सरकार पर बजट में उनकी अनदेखी का आरोप लगाया है। पहले मिलने वाला साप्ताहिक अवकाश भी बजट सत्र के दौरान बंद कर दिया गया। रात-दिन कड़ी ड्यूटी के बावजूद उन्हें बेहतर सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। पुलिस कर्मियों की प्रमुख मांगों में डीपीसी प्रक्रिया को जल्द पूरा करना, वेतन विसंगति, भर्ती नियमों में संशोधन, कार्यस्थल पर बेहतर सुविधाएं और ड्यूटी के दौरान मिलने वाले लाभों में बढ़ोतरी शामिल हैं। आमतौर पर रंगोत्सव के दूसरे दिन पुलिस थानों में धूमधाम से होली मनाई जाती थी, लेकिन इस बार अपनी मांगों को लेकर जवानों ने त्योहार का बहिष्कार कर दिया है।